पोस्ट ऑफिस ब्रांच को सिसवा स्थानातंरण करने पर ग्रामीण विरोध जताते हुए। स्रोत : जागरूक पाठक
टौणी देवी (हमीरपुर)। पोस्ट ऑफिस बारीं ब्रांच को सिसवा स्थानांतरित करने का लोगों ने विरोध जताया है। विरोध स्वरूप लोग बारीं में इकट्ठा हुए और ब्रांच को सिसवा स्थानांतरित न करने की मांग की।
इस दौरान गांव बारीं, महाड़े और चाहड़ के ग्रामीणों ने बताया कि यह ब्रांच लगभग 70 वर्षों से बारीं में कार्यरत है और क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत सुविधाजनक है। अब इसे सिकांदर पंचायत के सिसवा में स्थानांतरित किया जा रहा है, जिससे करीब 1200 लोग प्रभावित होंगे।
सिसवा से इसकी दूरी करीब दो किलोमीटर है, लेकिन इस ओर बसें बहुत कम चलती हैं। लोगों के साथ-साथ खासकर वरिष्ठजनों को इससे काफी दिक्कतें आएंगी। बारीं गांव में पोस्ट ऑफिस के लिए भवन भी उपलब्ध करवाया गया है। इसे स्थानांतरित करने की आवश्यकता नहीं है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि इस ब्रांच को बारीं से सिसवा स्थानांतरित न किया जाए। यदि ऐसा किया गया तो इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विरोध स्वरूप सांसद अनुराग ठाकुर और मुख्य डाकपाल हमीरपुर को ज्ञापन भी सौंपा जा रहा है। इस मौके पर रानी देवी, प्रमोद सिंह, बंसला देवी, प्रताप सिंह, दलजीत, वंदना, सुनना, नीना, ममता, तानो देवी, संतोष कुमारी, सविता देवी आदि मौजूद रहे।