भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के हनोह गांव में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में थोड़ी सी हवा चलने पर भी बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है।
मंगलवार रात करीब आठ बजे बिजली गुल हो गई, जो कई घरों में बुधवार सुबह आठ बजे बहाल हो सकी। 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों में सक्षम, वीरेंद्र, मनोज, राधिका, मोनिका, धर्म चंद, विख्यात, दिनेश, संजय और कश्मीर सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उनका कहना है कि बिजली लाइनों और तारों का नियमित निरीक्षण व रखरखाव नहीं होने के कारण मामूली मौसम परिवर्तन में भी आपूर्ति बाधित हो जाती है।
उन्होंने बिजली बोर्ड से लाइनों, तारों और अन्य उपकरणों की व्यापक जांच कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कम वोल्टेज की समस्या भी लगातार बनी हुई है, जिससे घरेलू उपकरणों के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे बिजली बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
वहीं, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता संजय कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार रात कुछ घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। बोर्ड कर्मचारियों ने बुधवार सुबह मौके पर पहुंचकर खराबी दूर कर दी, जिसके बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है।