पटवार घर बलोह में संपर्क सड़क के निर्माण के लिए भूमि दान करते ग्रामीण। स्रोत जागरूक पाठक
हमीरपुर। उपतहसील लंबलू के अंतर्गत भरनोट और डूगहली गांव के ग्रामीणों ने संपर्क सड़क के निर्माण के लिए वीरवार को विभाग को निजी भूमि दान की। ग्रामीणों ने पटवार घर बलोह में नायब तहसीलदार भावना शर्मा और पटवारी अमित कुमार को दस्तावेज सौंपते हुए शीघ्र कार्य शुरू करवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से दोनों गांवों के लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है। संपर्क सड़क विशेष तौर पर लंबलू से सिकांदर मुख्य सड़क के साथ जुड़ेगी, जिससे तीन दर्जन से अधिक परिवारों को लाभ मिलेगा।
समस्या के समाधान के लिए भरनोट डूगहली दोनों गांवों से शक्ति चंद, जसवीर सिंह, कमलेश कुमार, सुशील कुमार, माया देवी, जगदीश शर्मा, सुमन शर्मा ने अपनी निजी भूमि लोक निर्माण विभाग उपमंडल लंबलू डिवीजन हमीरपुर के नाम हस्तांतरित की।
उन्होंने कहा कि दोनों गांवों में सड़क के दोनों छोर बन गए हैं, लेकिन बीच में 800 मीटर का पैच अधूरा रहा गया था। इससे बरसात के दौरान ग्रामीणों को अक्सर आवाजाही में दिक्कत होती थी, अब भूमि दान होने से ग्रामीणों को समस्या से निजात मिलेगी।
कोट
भरनोट और डूगहली गांव के ग्रामीणों ने संपर्क सड़क के निर्माण के लिए निजी भूमि दान की है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
-भावना शर्मा, नायव तहसीलदार, उपतहसील लंबलू