बिजली उपमंडल भोरंज के रिहाला (समराला) में एक ग्रामीण बिजली चोरी करते पकड़ा गया है। बोर्ड अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्रामीण को बिजली चोरी करते पकड़ा। हालांकि, कार्रवाई के बाद इस ग्रामीण ने बोर्ड अधिकारियों को सिफारिशी कॉल भी करवाए, लेकिन अधिकारियों ने मौके पर ग्रामीण को 15 हजार रुपये का जुर्माना ठोका। साथ ही अवैध रूप से लिए कनेक्शन को काट सर्विस वायर को कब्जे में ले लिया।
जोगेंद्र सिंह पुत्र कर्म सिंह निवासी रिहाला ने अपने मकान में एमसीबी से साथ लगते घरों को जा रही सर्विस वायर से अवैध रूप से कनेक्शन ले रखा था। गुप्त सूचना के आधार पर बोर्ड अधिकारियों ने रिहाला पहुंचकर दबिश दी तो जोगेंद्र कुमार के नए मकान पर सर्विस वायर से अवैध रूप से कनेक्शन लिया पाया गया।
नए मकान के लिए लकड़ी के खिड़कियां और दरवाजे बनाए गए थे। यहां तक कि मशीन से करीब एक क्विंटल घास भी काटा गया था। अवैध कनेक्शन ने इंडक्शन चूल्हा, बल्ब और ट्यूब आदि भी काफी समय से चलाई जा रही थीं। बोर्ड अधिकारियों से आरोपी को 15 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है।
सर्विस वायर से लिए अवैध कनेक्शन को काट संबंधित ग्रामीण की सर्विस वायर को भी कब्जे में ले लिया है। एसडीओ लंबलू बधेश चंद का कहना है कि बोर्ड अधिकारियों ने मौके पर ग्रामीण को बिजली चोरी करते पकड़ा है। संबंधित ग्रामीण को बोर्ड ने 15 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।