हमीरपुर। दिवाली पर्व के मद्देनजर हमीरपुर शहर के मुख्य बाजार में भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने एक आदेश जारी करके शहर के मुख्य बाजार में 5 से 8 नवंबर तक सभी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। एंबुलेंस, अग्निशमन और ड्यूटी पर तैनात पुलिस वाहनों सहित अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहनों पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
विज्ञापन
जिलाधीश ने बताया कि पांच और आठ नवंबर को डांग ग्वाली-हीरानगर सड़क पर सुबह 9 से पूर्वाह्न 11 बजे तक और शाम को चार से छह बजे तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। इसी मार्ग पर छह और सात नवंबर को वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिलाधीश ने बताया कि त्योहारी सीजन में आम लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए यह निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने इनकी अक्षरशः अनुपालना के लिए सभी लोगों से सहयोग की अपील की है।