हमीरपुर। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को एचपीवी के टीके लगाने का अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत चार अप्रैल को जिला हमीरपुर में 26 अस्पतालों और पांच अप्रैल को 32 अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में टीके लगाए जाएंगे।
वहीं, 29 मार्च से टीकाकरण शुरू किया गया था। इस दौरान करीब 206 किशोरियों को टीका लगाया गया था। तीन महीने के अभियान में लगभग 4338 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का टीका लगाना प्रस्तावित है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले बहुत ज्यादा पाए जाते हैं।
एचपीवी वैक्सीन का यह टीका लड़कियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाएगा। यह टीका काफी महंगा होता है, लेकिन सरकार इसे मुफ्त में उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने सभी जिलावासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने परिवारों की 14-15 वर्ष आयु वर्ग की सभी लड़कियों को यह टीका अवश्य लगवाएं।
अभिभावकों को अपने साथ लाएं लड़कियां
स्वास्थ्य विभाग ने लड़कियों को टीकाकरण के दिन अपने अभिभावकों को साथ लाने का आग्रह किया है। घर से खाना खाकर ही टीका लगवाने आएं। उनके पास आधार कार्ड या पहचान का अन्य प्रमाण तथा ओटीपी के लिए मोबाइल फोन भी होना चाहिए। अन्य आम वैक्सीन की तरह ही इस टीके को लगाने के बाद कुछ लड़कियों को थोड़ी देर के लिए मामूली दिक्कत होगी। उसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहले से ही तैयारी रखी है। टीका लगाने के बाद प्रत्येक लड़की को कुछ मिनटों के लिए स्वास्थ्य केंद्र में रोका जा सकता है।