सुजानपुर (हमीरपुर)। शहरी विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के तमाम पेंशनरों को छठे वेतन आयोग के तहत संशोधित पेंशन देने में विभाग पूरी तरह नाकाम रहे हैं। इन विभागों से सेवानिवृत्त हुए तमाम कर्मियों ने शहरी विकास विभाग से उनकी मांग को जल्द पूरा करने का आग्रह किया है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों जगपाल ठाकुर, विनोद शर्मा, मनोज गुप्ता, रमेश शर्मा, राकेश शर्मा, केएल ठाकुर, बुद्धि सिंह, अशोक कुमार राम सिंह ने कहा कि संशोधित पेंशन नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत की ओर से अपने आय के साधनों से ही जारी की जानी थी। शहरी विकास विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से संशोधित वेतनमान एक जनवरी 2016 से वर्ष 2022 में जारी कर दिया गया। इससे सरकार पर कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़ा। क्योंकि संशोधित वेतनमान नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत की ओर से अपने आय के स्रोतों से जारी किया जा रहा था, परंतु शहरी विकास विभाग सेवानिवृत्त कर्मचारियों को छठेे वेतन आयोग के तहत संशोधित पेंशन देने में नाकाम रहा है। उन्होंने कहा कि कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों की आयु 80 वर्ष से ऊपर हो चुकी है। ऐसे में तमाम लोगों ने गुहार लगाते हुए कहा कि सरकार नगर परिषद नगर निगम, नगर निकाय, नगर पंचायत के पेंशनरों को शीघ्र संशोधित पेंशन जारी करे ताकि उन्हें राहत मिल सके।