एसडीएम से मिला प्रतिनिधिमंडल, कार्य शुरू करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के कठियाणा में नई डिस्पेंसरी भवन के निर्माण कार्य को रोकने पर बुधवार को बवाल हुआ। गांव के करीब 100 लोग मौके पर एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर सड़क किनारे बैठ गए। कठियाणा गांव में एक डिस्पेंसरी का भवन बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। लोक निर्माण विभाग ने चार दिन पूर्व खुदाई का काम शुरू किया था, लेकिन अचानक विभाग ने यह काम रोक दिया। इस पर ग्रामीण भड़क गए हैं।
स्थानीय लोगों ने जब विभाग से इसकी जानकारी मांगी तो अधिकारियों ने कहा कि काम रोकने के आदेश दिए गए है। इसके बाद स्थानीय बीडीसी सदस्य गुरदीप सिंह के नेतृत्व में लोग इकट्ठे हुए और स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौका देखने के लिए कहा गया है। बीएमओ बड़सर मौके पर लोगों से मिलने पहुंचे। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि इस जगह डिस्पेंसरी बनाई जाएगी। गुरदीप सिंह ने कहा कि कठियाणा गांव के लोगों ने मेहनत की है तब जाकर इस जगह पर यह डिस्पेंसरी बनाने का कार्य शुरू हो पाया है। इस गांव में करीब सात कनाल भूमि डिस्पेंसरी बनाने और वेटरनरी क्लीनिक बनाने के लिए उपलब्ध कराई गई। इसे विभाग के नाम ट्रांसफर किया गया, जिसके बाद इसकी डीपीआर बनकर तैयार हुई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसमें अडंगा डालने का प्रयास कर रहे हैं जो सहन नहीं होगा। इस मसले को लेकर लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम बड़सर रोहित शर्मा से भी मिला है। प्रतिनिधिमंडल में रक्षा पठानिया, रजनीश पठानिया, भवानी सिंह, सुभाष सिंह, रेखा देवी, सपना देवी, बबिता आदि शामिल रहे। लोगों ने डिस्पेंसरी का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई है।