ज्वालामुखी मंदिर में माथा टेकने पहुंचे थे, जसूर के नूरपुर रोड रेलवे स्टेशन पर अज्ञात लोग लूट ले गए सामान और नकदी
जसूर (कांगड़ा)। जसूर स्थित नूरपुर रोड रेलवे स्टेशन पर कुछ श्रद्धालुओं को नशीला पेय पिलाकर लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से आए कुछ श्रद्धालुओं को अज्ञात व्यक्तियों ने नींबू शरबत में नशीली चीज मिलाकर पिलाई, जिससे वे बेहोश हो गए और शातिर लुटेरों ने उनका सामान, नकदी और अन्य कीमती वस्तुएं लूट लीं। पीड़ित श्रद्धालुओं की पहचान मनोज, रघुनंदन, सुधा राम और सफी के रूप में हुई है, जो ज्वालामुखी में माथा टेकने के लिए आए थे। वे सोमवार रात को जसूर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे और मंगलवार सुबह की पहली रेलगाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इस घटना के बाद पीड़ितों को नूरपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उधर, नूरपुर पुलिस थाना प्रभारी एसके धीमान ने मामले की पुष्टि की है और कहा है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। स्थानीय व्यापार मंडल और मार्किट वेलफेयर कमेटी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए रेलवे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर काबू पाया जा सके और अपराधियों को जल्द पकड़ा जा सके।