धर्मशाला। राज्यसभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश में हवाई और सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि उड़ान योजना के तहत शिमला, कुल्लू, मंडी और रामपुर के एयरपोर्ट/हेलिपोर्ट के विकास पर क्रमशः 116.70 करोड़, 37.29 करोड़, 8.76 करोड़ और 4.84 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
गोस्वामी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हवाई यात्रा के विस्तार के लिए सरकार ने मंडी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए साइट क्लीयरेंस प्रदान कर दी है, जिससे इसके निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। भारतमाला परियोजना के पहले चरण में हिमाचल प्रदेश में 9,964 करोड़ रुपये की लागत से 167 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग कॉरिडोर का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त मोदी शासनकाल में 30 जून 2025 तक प्रदेश में कुल 2,607 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया जा चुका है। सांसद ने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश को मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित करने के लिए देश के चार राज्यों में से एक के रूप में चुना गया है। इसके लिए प्रारंभिक तौर पर 100 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। नालागढ़ में 350 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जाएगा। वहीं, बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट योजना के तहत राज्य के 75 गांवों में आधारभूत ढांचे, रोजगार के अवसरों और संपर्क मार्गों को सुदृढ़ किया जा रहा है। ब्यूरो