जाहू (हमीरपुर)। केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को नशा मुक्त, सुरक्षा युक्त अभियान के अंतर्गत भराड़ी कस्बे में युवाओं की नशा जागरुकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई। बाइक रैली से पहले उन्होंने युवाओं में 800 हेलमेट वितरित किए। इसके बाद बाइक पर सवार होकर खुद भी रैली में शामिल हुए।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भागीदारी सबसे अहम है। मगर ऐसा देखा जा रहा है कि कुछ युवा साथी नशे की चपेट में आकर अपना भविष्य खराब कर रहे हैं। ऐसे युवा देश के विकास में भी अपना कोई योगदान नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया है, ताकि युवा विकसित भारत निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
इसी के दृष्टिगत नशा मुक्त, सुरक्षा युक्त अभियान शुरू किया गया है, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया जा सके। भराड़ी कस्बे में हुई बाइक रैली में भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्यों के साथ ही करीब 800 युवाओं ने हिस्सा लिया है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष देशराज शर्मा, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक अनिल धीमान, प्रदेश सचिव सुमित शर्मा, महामंत्री राकेश ठाकुर, अजय रिंटू, भाजपा मंडल भोरंज के अध्यक्ष अशोक ठाकुर, महामंत्री बिपिन अग्निहोत्री और जिला भाजपा के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।