बिझड़ी में बेरोजगार हुए युवा प्रदर्शन करते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। कोरोना संकट के कारण बेरोजगार हुए होटल इंडस्ट्री से जुड़े युवाओं ने वीरवार को उपमंडल बड़सर और ग्राम पंचायत बिझड़ी में थाली पीटकर विरोध प्रदर्शन किया। होटल इंडस्ट्री के पिछले 4 महीनों से लगातार बंद रहने से प्रदेश के लाखों युवा बेरोजगार हो चुके हैं। परिवार के सदस्यों का पालन-पोषण करना मुश्किल हो चुका है।
अब ये युवा सरकार से किसी प्रकार की मदद न मिलती देख जगह जगह थाली पीट प्रदर्शन कर सरकार को जगाने का प्रयास कर रहे हैं। उनकी जेब में पड़ी थोड़ी बहुत पूंजी भी खत्म हो चुकी है। हालात सुधरते न देख अब ये होटल कर्मी दूसरे काम धंधों की तरफ रुख करना चाहते हैं, लेकिन व्यवसाय के लिए पूंजी की कमी आड़े आ रही है। युवा अमित पठानिया ने कहा कि अगर बैंक में लोन लेने जाएं तो वह भी आसानी से नहीं मिल पा रहा। सरकार अभी तक बेरोजगार हो चुके युवाओं के लिए कोई पॉलिसी नहीं बना पाई। 20 लाख करोड़ के राहत पैकेज की बात धरातल पर कहीं भी दिखाई नहीं दे रही। अब हालात यहां तक पहुंच चुके हैं कि आने वाले समय में हमें दाने दाने को मोहताज होना पड़ सकता है। युवाओं का कहना है कि प्रदेश में अकेले होटल इंडस्ट्री से जुड़े लाखों लोग बेरोजगार हो चुके हैं। इस प्रदर्शन के दौरान अमित पठानिया, राजेश कुमार, आशीष कुमार, लक्की, विपन, अविनाश व काकू और अन्य युवा उपस्थित रहे।