कांगू (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल नादौन में एक सप्ताह से मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि गर्भवती महिलाओं और पेट दर्द के मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में प्रतिदिन 300 के करीब ओपीडी है। लोगों की सुविधा के लिए एक वर्ष पूर्व अस्पताल में प्रदेश सरकारी की ओर से स्थायी रेडियोलाॅजिस्ट की नियुक्ति की है लेकिन अस्पताल प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों राजीव, बलदेव, सावित्री देवी, रिचा, सुमन, प्रतिभा, दीपिका, सुभाष, गौरव, विवेक आदि ने कहा कि नादौन अस्पताल में ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों के लोग अपनी स्वास्थ्य जांच और शरीर विकारों का इलाज करवाने के लिए आते हैं लेकिन अस्पताल में मरीजों को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए एक माह की तिथि मिल रही है। पूर्व में अस्पताल में कार्यरत रेडियोलाॅजिस्ट की प्रतिनियुक्ति अन्य अस्पतालों में की थी लेकिन अब प्रतिनियुक्ति भी हटा दी गई है। फिर भी अस्पताल में मरीजों को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए एक-एक माह बाद की तिथि मिल रही है। आपात स्थिति में मरीज अपनी जेब खर्च कर अल्ट्रासाउंड कराने को मजबूर हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
इस बारे में बीएमओ नादौन डॉ. केके शर्मा ने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन अल्ट्रासाउंड करवाए जा रहे हैं। यदि मरीजों को इस प्रकार की कोई परेशानी आती हैं तो उसका स्थायी समाधान किया जाएगा ताकि उन्हें कोई भी समस्या न हो।