सुजानपुर(हमीरपुर)। मुख्य बाजार सुजानपुर को अतिक्रमण और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर परिषद की ओर से की गई कार्रवाई का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।
परिषद की ओर से दिए गए अल्टीमेटम की समय सीमा समाप्त होने से पहले ही रेहड़ी-फड़ी धारकों ने नालियों और सार्वजनिक स्थानों से अपने कब्जे हटा लिए हैं। अधिकांश रेहड़ी-फड़ी धारकों ने अपनी दुकानदारी सिविल अस्पताल के पास बनाई गई नई मार्केट में शिफ्ट कर ली है।
शहर के मुख्य मार्गों और नालियों के ऊपर पिछले कई महीनों से रेहड़ी-फड़ी लगने के कारण अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था भी बाधित हो रही थी। कई स्थानों पर गंदगी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने 25 रेहड़ी-फड़ी धारकों को निर्धारित समय में नालियों और सार्वजनिक स्थानों से कब्जे हटाने का अल्टीमेटम दिया था।
रेहड़ी-फड़ी धारकों के रोजगार को ध्यान में रखते हुए उन्हें वैकल्पिक स्थान भी उपलब्ध करवाया गया है। सिविल अस्पताल के पास नई रेहड़ी-फड़ी मार्केट के लिए स्थान निर्धारित किया गया है। इससे कारोबारियों को दुकानदारी के लिए जगह मिलने के साथ मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने में भी मदद मिली है।
नई मार्केट के लिए इस्तेमाल की जा रही जमीन को कुछ समय पहले नगर परिषद ने कार्रवाई कर कब्जामुक्त करवाया था। यहां पहले अनधिकृत झोंपड़ियां और फड़ियां लगी हुई थीं। नगर परिषद ने अभियान चलाकर सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाए थे। अब इसी जमीन का उपयोग पंजीकृत और वैध रेहड़ी-फड़ी धारकों के लिए बाजार विकसित करने में किया जा रहा है।
कोट
शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी। शहर की व्यवस्था बेहतर करने के साथ-साथ छोटे कारोबारियों के हितों का भी ध्यान रखा जाए।
-हर्षित शर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सुजानपुर टीहरा