पेरामेडिकल स्टाफ कर रहा स्ट्रिप आधारित टेस्ट, मरीजों को मिली सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। आयुर्वेदिक अस्पताल लंबलू में टायफाइड, प्रेग्नेंसी सहित ब्लड शुगर और हिमोग्लोबिन टेस्ट शुरू हो गए हैं। स्ट्रिप आधारित इन टेस्टों को पेरामेडिकल स्टाफ कर रहा है। महर्षि चरक योजना के तहत अस्पताल में यह सुविधा शुरू की गई। इससे मरीजों को सुविधा होगी।
आयुर्वेदिक अस्पताल में रोजाना 35 से 40 की ओपीडी होती है। लैब तकनीशियन का पद रिक्त होने के कारण यहां पर टेस्ट शुरू करने की समस्या आ रही थी लेकिन महर्षि चरक योजना के तहत अस्पताल में स्ट्रिप आधारित टेस्ट शुरू किए हैं। स्ट्रिप आधारित टेस्ट को करने के लिए लैब तकनीशियन की आवश्यकता नहीं होती है।
पेरामेडिकल स्टाफ इसे आसानी से कर सकता है। इन टेस्टों की समीक्षा आयुर्वेदिक विभाग की ओर से की जाएगी। महीने बाद देखा जाएगा कि इस योजना के तहत कितने लोगों ने लाभ लिया है। यदि लोगों की संख्या कम होगी तो उसको बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
बॉक्स
डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा अस्पताल
आयुर्वेदिक अस्पताल लंबलू डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है। अभी यहां पर दो नियमित चिकित्सकों के साथ-साथ एक चिकित्सक डेपुटेशन पर सेवाएं दे रहे हैं। एक स्टाफ नर्स और चार एएनएम हैं। यदि दो चिकित्सकों की सेवाएं मिल जाती हैं तो मरीजों को रात्रिकालीन सेवाएं शुरू करने की संभावना बन सकती है। अभी शाम को 6:00 बजे के बाद अस्पताल को बंद करना पड़ता है।
- अस्पताल में स्ट्रिप आधारित टेस्ट शुरू हुए हैं। काफी लोग इसका लाभ ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयुर्वेदिक विभाग की ओर से मरीजों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जाती हैं। अन्य चिकित्सकों की सेवाओं के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। -डॉ. अनुवाला, एमडी आयुर्वेद, आयुर्वेदिक अस्पताल लंबलू