हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में बुधवार को नकल के दो नए मामले सामने आए हैं। दोनों ही छात्र रेगुलर हैं। छात्रों को केमिस्ट्री की परीक्षा में नकल करते दबोचा गया है। दोनों छात्रों की रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी गई है। हमीरपुर जिले में अभी तक 20 मामले नकल के पकड़े जा चुके हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में नकल के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन कोई न कोई मामला सामने आ रहा है। छात्र सीसीटीवी के बावजूद परीक्षा केंद्रों में नकल कर रहे हैं, जोकि चिंता का विषय है।
बुधवार को बारहवीं कक्षा का सुबह के सत्र में केमिस्ट्री का पेपर था। इंस्पेक्शन की फ्लाइंग टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पौहंज के परीक्षा केंद्र का जब निरीक्षण किया तो टीम ने स्कूल के एक रेगुलर छात्र को नकल करते पकड़ा। इसी तरफ उच्चतर शिक्षा विभाग की फ्लाइंग टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगू के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया तो वहां पर भी एक रेगुलर छात्र नकल करता पकड़ा गया। छात्र की रिपोर्ट बनाकर स्कूल शिक्षा बोर्ड को भेज दी गई है। शाम के समय बारहवीं कक्षा के छात्रों का हिंदी का पेपर था। जबकि, सुबह व शाम के समय एसओएस छात्रों ने भी केमिस्ट्री व हिंदी की परीक्षा में भाग लिया। स्कूल शिक्षा बोर्ड की तीन फ्लाइंग और हर ब्लॉक की एसडीएम की टीमें स्कूलों में दबिश देकर सीसीटीवी की फुटेज चेक कर रही हैं, ताकि किसी भी परीक्षा केंद्र में नकल न करवाई जा सके। उधर, उच्चतर शिक्षा विभाग हमीरपुर के कार्यकारी उपनिदेशक अजय पटियाल ने बताया कि स्कूल शिक्षा बोर्ड की इंस्पेक्शन टीम और उच्चतर शिक्षा विभाग की फ्लाइंग टीम ने बुधवार को पौहंज व कांगू स्कूल में बारहवीं कक्षा के केमिस्ट्री परीक्षा में एक-एक छात्र को नकल करते पकड़ा है। दोनों छात्रों की रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी गई है।