हमीरपुर। बड़सर क्षेत्र के सलौणी कस्बे में मैकेनिक की दुकान के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी करने के आरोप में पुलिस ने उत्तराखंड निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दानिश (30) और फिरोज (31) के रूप में हुई है।
दोनों हमीरपुर और सलौणी क्षेत्र में कबाड़ का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल पक्का भरो में कबाड़ के रूप में बेच दी थी। अब बाइक खरीदने वाले व्यक्ति को भी जांच के दायरे में लिया जाएगा।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। इसे देखते हुए उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
पुलिस के अनुसार, सलौणी में कपूर निवास के सामने मनीष कुमार की मैकेनिक की दुकान है। कठियाणा निवासी विपिन कुमार ने नौ अक्तूबर को अपनी मोटरसाइकिल मरम्मत के लिए दुकान पर छोड़ी थी।
मनीष कुमार ने रात को बाइक दुकान के बाहर खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब आठ से साढ़े आठ बजे जब वह दुकान पर पहुंचा तो मोटरसाइकिल गायब थी। मोटरसाइकिल मालिक से संपर्क करने पर पता चला कि वह बाइक वहां से लेकर नहीं गया था।
इसके बाद मनीष कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मामले में सदर थाना हमीरपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान दोनों आरोपियों को बड़सर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
बड़सर क्षेत्र में पहले भी हुई हैं बड़ी चोरियां
जांच में सामने आया कि आरोपी 11 अक्तूबर की रात दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को टेंपो में लोड कर ले गए थे। पुलिस ने जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। अब उनके पुराने रिकॉर्ड की पड़ताल के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी और आरोपियों के किसी अंतरराज्यीय गिरोह से संबंध हैं या नहीं। बड़सर क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं। वहीं, कई अनसुलझे चोरियों के मामले में पुलिस जांच कर रही है। इनमें बड़े वाहनों की चोरियां भी शामिल हैं, जबकि बड़सर थाना के तहत कुछ माह पूर्व घरों से रुपये और अन्य चोरियों की वारदातें सामने आ चुकी हैं। इन मामलों में आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। ऐसे में इस मामले में धरे गए आरोपियों से क्षेत्र की अन्य चोरियों की पूछताछ भी संभावित है।
कोट
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। बाइक कबाड़ में बेच दी गई थी, जिसे रिकवर कर लिया गया है।
-राजेश कुमार, एएसपी हमीरपुर