उपमंडल की धमरोल पंचायत के गांव जोल में स्लेटपेश मकान गिर गया। पीड़ित परिवार में महज दो सगे भाई हैं जबकि इनके माता-पिता की मौत हो चुकी है। मकान गिरने से करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
हादसे के दौरान दोनों भाई अपने मामा के घर गए थे। अरुण कुमार (21) और अतुल कुमार (19) पुत्र स्व. ज्ञान चंद निवासी जोल का दो कमरों का स्लेटपोश मकान शुक्रवार को भारी बारिश से ध्वस्त हो गया।
हादसे के दौरान अरुण और अतुल दोनों मामा के घर गए हुए थे। हादसे में मकान में रखा सारा सामान दब गया। इससे करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। अरुण और अतुल दोनों सगे भाई परिवार में अकेले हैं और आईआरडीपी में हैं।
इनके मामा दोनों की देखभाल कर रहे हैं। मकान गिरने से दोनों भाई बेघर हो गए हैं। दोनों के पास सिर छुपाने को छत नहीं है। दोनों भाइयों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
ग्राम पंचायत प्रधान धमरोल विजय कुमार का कहना है कि बारिश से मकान ध्वस्त हुआ है। बाकायदा इसकी सूचना हलका पटवारी को भी दे दी गई है।