कहा, ग्रामीणों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए बनेंगी 43 ग्रामीण सड़कें
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीारपुर। भोरंज विधानसभा क्षेत्र की दो सड़कें बस्सी से तताहर वाया भरेड़ी और बढ़ार से झनिक्कर वाया कैहरवीं विश्व स्तरीय आधुनिक तकनीक फुल डेप्थ रिक्लेमेशन (एफडीआर) से बनेंगी। इससे लोगों को अच्छी सड़क की सुविधा मिलेगी। भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने प्रेस बयान में कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र को हिमाचल प्रदेश में सड़कों के घनत्व के साथ बेहतर सड़क सुविधा के रूप में पहला विधानसभा क्षेत्र बनाने का कार्य किया जा रहा है। भोरंज विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश सड़कें पुरानी होने के कारण छोटी पड़ने लगी हैं। इसलिए सड़कों का विस्तारीकरण तथा पुरानी सड़कों को चौड़ा करने और नई सड़कों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। लोगों की मांग पर भोरंज में 43 ग्रामीण व एंबुलेंस मार्गों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा पुरानी सड़कों को चौड़ा भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैहरवीं से सुलगवान वाया बस्सी और पट्टा से अवाहदेवी वाया तरक्वाड़ी सड़क को डबललेन करने का कार्य आरंभ किया जा चुका है।