हमीरपुर। कोरोना संक्रमण के पॉजिटिव मामले सामने आने पर हमीरपुर उपमंडल की दो पंचायतों के एक-एक वार्ड में कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। जबकि, एक अन्य पंचायत के वार्ड को कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया गया है। एसडीएम डॉ. चिरंजी लाल चौहान ने इस संबंध में अलग अलग आदेश जारी किए हैं। पहले आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत लंबलू के वार्ड नंबर 9 गांव लंबलू में केवल भूमि कांत के घर को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत पंधेड़ के वार्ड नंबर 3 गांव पंधेड़ जीवीं में दलीप राम के घर से निर्मला देवी के घर तक और करनैल सिंह के घर से कर्म चंद के घर तक का क्षेत्र कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
कंटेनमेंट जोन घोषित होने के बाद इन क्षेत्रों में कोई भी व्यक्ति अथवा वाहन बाहर से भीतर या भीतर से बाहर नहीं आ-जा सकेगा। सरकारी तथा आवश्यक सेवाओं में लगे व्यक्तियों एवं वाहनों को इसमें छूट रहेगी। लोगों को दूध, किराना, फल, सब्जियां, दवाइयां, रसोई गैस सिलेंडर सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति स्थानीय प्रशासन की ओर से घर द्वार पर ही की जाएगी। एसडीएम की ओर से जारी दूसरे आदेश में ग्राम पंचायत दाड़ी के वार्ड नंबर 5 गांव घरान को कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया गया है। एसडीएम ने बताया कि कंटेनमेंट जोन घोषित होने के बाद इस गांव में कोरोना संक्रमण का कोई भी नया मामला नहीं पाया गया है। स्थिति की पूर्ण समीक्षा के बाद इसे कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया गया है। वहीं, बड़सर उपमंडल की दो पंचायतों के तीन वार्डों में कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। एसडीएम बड़सर प्रदीप कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। ग्राम पंचायत चकमोह के वार्ड नंबर-2 में वैष्णो ढाबा से लेकर जालपा माता मंदिर तक तथा वार्ड नंबर-1 में मझेठ सठ से शिव मंदिर तक कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत धंगोटा के वार्ड नंबर-1 गांव पंथयानी को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।