घिरथेड़ी स्कूल में 6.30 लाख रुपये की लागत से बने दो नए कमरे।
हमीरपुर। राजकीय प्राथमिक पाठशाला घिरथेड़ी में दो नए कमरे बनकर तैयार हो गए हैं। इससे अब स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बैठने के लिए उचित सुविधा प्राप्त होगी। स्कूल में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण पर शिक्षा विभाग ने 6.30 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
पूर्व में स्कूल में प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को बैठने के लिए तीन कमरों की ही व्यवस्था थी। इससे शिक्षकों को एक कमरे में दो कक्षाओं के विद्यार्थियों को बैठाना पड़ता था और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी लेकिन अब स्कूल में नए कमरे बनने से विद्यार्थियों को बैठने के लिए उचित सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें पढ़ाई करने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्कूल में भवन निर्माण कार्य के लिए सत्र 2022-23 में 6.30 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था। बजट के अभाव में स्कूल भवन का निर्माण कार्य रूक गया था। इसके उपरांत दूसरी बार स्कूल को भवन निर्माण कार्य पूरा करने के लिए अतिरिक्त दो लाख 50 हजार रुपये का बजट जारी हुआ है। इससे स्कूल में दो कमरे बनकर तैयार हो गए हैं। स्कूल में प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक 172 दाखिल विद्यार्थियों को अब स्कूल शिक्षकों को भी अलग कमरे में पढ़ाने की सुविधा मिलेगी। शीघ्र ही तैयार कमरों का सौदर्यींकरण कार्य पूरा किया जाएगा। इसके उपरांत नए कमरों में विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरु होंगी। वहीं इस बारे में घिरथेड़ी स्कूल के मुख्य शिक्षक नरेश शर्मा ने कहा कि स्कूल में दो अतिरिक्त कमरे बनकर तैयार हो गए हैं। शीघ्र ही तैयार कमरों का सौदर्यींकरण कार्य पूरा किया जाएगा।