हमीरपुर। जिला पंचायत संसाधन केंद्र सलासी में उपचाराधीन कोरोना मरीजों को खाना देने जा रहे व्यक्ति की स्कूटी को एक कार चालक ने टक्कर मार दी। इस टक्कर में व्यक्ति और स्कूटी पर सवार उसका नौकर घायल हो गए। शिकायतकर्ता निवासी गांव अणुकलां तहसील व जिला हमीरपुर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि दो दिसंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी स्कूटी पर नौकर के साथ कोविड के मरीजों को खाना देने के लिए जा रहा था। जब डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर के पास पहुंचा तो सामने से आ रही कार के चालक ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इस टक्कर से इन दोनों को चोटें आई हैं। यह दुर्घटना कार चालक की ओर से कार को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाने के कारण हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी का कहना है कि मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।