भोरंज(हमीरपुर)। भोरंज उपमंडल के सुलगवान में एटीएम के बाहर पैसे निकालने खड़े व्यक्ति को एक तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इससे व्यक्ति और वाहन चालक दोनों घायल हो गए। जाहू की तरफ से आ रही कार ने सड़क के किनारे एटीएम के बाहर पैसे निकालने के लिए खड़े एक व्यक्ति अजय शर्मा पुत्र प्यारे लाल उम्र 42 वर्ष को टक्कर मार दी। इससे व्यक्ति की टांगों में गंभीर चोट आई है।
वहीं, टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे चालक राहुल ठाकुर पुत्र पुरुषोत्तम लाल गांव लज्याणी भी घायल हो गया। चालक और अन्य घायल अजय शर्मा को उपचार के लिए भोरंज सिविल अस्पताल लाया गया। जहां पर दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। भोरंज अस्पताल के डॉ. प्रतीक ने बताया कि दुर्घटना से अजय शर्मा की दोनों टांगें प्रेस हो गई हैं और गाड़ी चालक राहुल ठाकुर को हेड इंजरी हुई है और छह टांके लगे हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार देकर हमीरपुर रेफर कर दिया है। उधर, एसएचओ भोरंज सीआर चौधरी ने बताया कि सुलगवान में हुई दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।