हमीरपुर। एचआरटीसी की बस में जुआ खेलते धरे गए निगम के दो चालकों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस में एफआईआर दर्ज होने के बाद निगम प्रबंधन की ओर से यह कार्रवाई की गई है।
बीते सोमवार को पुलिस ने चार लोगों को हमीरपुर बाईपास में बस में जुआ खेलते हुए धरा था। इनमें दो सेवानिवृत्त कर्मी और और दो सेवारत बस चालक शामिल थे। पुलिस ने चारों के पास से 2430 रुपये की नकदी भी बरामद की है।
अब एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से दोनों चालकों को निलंबित कर विभागीय जांच बैठाई गई है। दोनों चालकों को डिपो कार्यालय में अटैच किया गया है। उन्हें फिलहाल बस रूट से हटा दिया गया है। विभागीय जांच पूरी होने तक चालक कार्यालय में हाजिरी भरेंगे। निगम प्रबंधन की ओर से अन्य कर्मियों को इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।
दोनों चालकों को निलंबित कर प्रबंधन ने अनुशासन को लेकर कड़ा रुख दर्शाया है, ताकि अन्य कर्मी भी इससे सबक ले सकें। हमीरपुर बस स्टैंड और बाईपास के इर्दगिर्द कई दिनों से जुआ खेलने की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं।
वहीं, एचआरटीसी डिपो हमीरपुर के आरएम राहुल कुमार ने कहा कि मामला ध्यान में आने के बाद नियमों के तहत कार्रवाई की गई है।