पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना टाहलीवाल के तहत युवाओं के दो गुट चिकन काॅर्नर और सड़क पर आपस में भिड़ गए। मारपीट की घटना में दो युवकों को खासी चोटें आई हैं। जिन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। मारपीट की घटना में पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली शिकायत के बाद क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। पहले पक्ष से दी गई शिकायत में संतोषगढ़ के नजदीकी जटपुर गांव के हिमांशु चौधरी ने बताया कि सोमवार रात को अपने भाई संजीव के साथ दलजीत सिंह निवासी मानूवाल के पास गए। यहां पर प्रिंस निवासी नंगल कलां बहसबाजी कर हाथापाई कर रहा था। इस पर मामले को शांत करने के लिए बीच बचाव किया। लेकिन, जब रात अपने भाई के साथ वापस घर आ गए तो प्रिंस, अंकुश, मनीश व मनी कार में सवार होकर आए। इन्होंने रास्ता रोकते हुए पहले टाहलीवाल के मनीश ने मेरे सिर पर तेजधार हथियार और प्रिंस ने मुंह पर कड़े से वार कर दिया। इससे हिमांशु लहूलुहान हो गया। भाई की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया। मामले में दूसरे पक्ष से प्रिंस कुमार ने शिकायत में बताया है कि सोमवार रात वह दोस्त अंकुश और मनीश के साथ टाहलीवाल चिकन काॅर्नर में गए। इस बीच टेबल पर संतोषगढ़ के हिमांशु व संजीव शराब पी रहे थे। दूसरे टेबल पर बैठे दीपा ने गालियां निकालते हुए धक्का-मुक्की करते हुए स्टील के जग से माथे पर हमला करना शुरू कर दिया। टेबल पर बैठे चारों दीपा, दलजीत, हिमांशु तथा संजीव ने बाहर सड़क के बीच डंडों से मारपीट की। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत पुलिस के पास आई है। क्राॅस केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है।