हमीरपुर। खाद्य आपूर्ति विभाग हमीरपुर के दो कर्मचारियों को विजिलेंस थाना हमीरपुर की टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धरा है। जिला मुख्यालय से सटे पक्का भरो में स्थित सीमेंट गोदाम में विजिलेंस ने शुक्रवार शाम को इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। दोनों आरोपी कर्मचारी सरकारी सीमेंट की सप्लाई जारी करने की एवज में ठेकेदार से रिश्वत की मांग कर रहे थे। ठेकेदार से शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस हमीरपुर की टीम ने जाल बिछाकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है।
आरोपियों की पहचान स्टोर कीपर नील कमल और हेल्पर देवेश के रूप में हुई है। आरोपी स्टोर कीपर के पास सीमेंट गोदाम का चार्ज था। ठेकेदार ने सरकारी सीमेंट को रिलीज करने की मांग विभाग से की थी लेकिन कई दफा चक्कर काटने पर भी उसे सीमेंट सप्लाई जारी नहीं की गई। ठेकेदार ने विजिलेंस थाना हमीरपुर में इस सिलसिले में शिकायत दी। शिकायत मिलने पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। इस दौरान कर्मचारी नीलकमल ने हेल्पर देवेश को पैसे लेने के लिए भेजा। योजना के मुताबिक टीम ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथ मौके पर दबोच लिया। आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
कोट
एएसपी विजिलेंस हमीरपुर रेणु शर्मा ने कहा कि दोनों कर्मचारियों को पांच हजार की रिश्वत के साथ पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।