नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत भरमोटी पंचायत में कार की चपेट में आने से सड़क के किनारे सैर कर रहे दो बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को नादौन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया है। रविवार देर शाम भरमोटी संपर्क मार्ग पर स्थानीय पंचायत प्रधान प्रियतोष निशु के पिता तारा चंद चमन और दूरसंचार विभाग के पूर्व कर्मचारी बलवंत सिंह सैर कर रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने बलवंत सिंह को टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में तारा चंद भी आ गए। टक्कर के बाद तारा चंद सड़क के किनारे गहरी नाली में जा गिरे, जबकि बलवंत सिंह सड़क पर गिरकर बेसुध हो गए। पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने कहा कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।