भोरंज विधायक सुरेश कुमार व अधिकारी विश्रामगृह वाली भूमी का निरीक्षण करते हुए। -संवाद
जाहू(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत जाहू पंचायत में विश्राम गृह बनने की कवायद शुरू हो गई है। तीन जिलों की संगम स्थली जाहू में विश्राम गृह बनाने के लिए जल शक्ति विभाग ने जमीन का निरीक्षण करके भूमि को चयनित कर दिया है।
विभाग द्वारा विश्राम गृह के लिए जाहू पंचायत के गांव डोहग में दो कनाल भूमि चिन्हित किया गया है। विश्राम गृह बनाने के लिए दो करोड़ रुपये की डीपीआर बनाकर उच्च अधिकारियों को सरकार को सौंप दी गई है। रिपोर्ट के आते ही जाहू में विश्राम गृह बनाने की कवायद शुरू हो जाएगी। वर्तमान जाहू पंचायत में एक भी विश्राम गृह नहीं है। इससे समाजसेवी संस्थाओं और लोगों को बैठकों का आयोजन करने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके चलते वह लगातार पंचायत में विश्राम गृह बनाने की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग पर अब शीघ्र ही जाहू पंचायत में विश्राम गृह बन जाएगा। इससे स्थानीय लोगों सहित यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बयान :
लोगों और पंचायत के पदाधिकारियों की कहीं वर्षों की मांग थी कि जाहू में किसी भी विभाग का विश्राम गृह का निर्माण होना चाहिए। इस मांग को देखते हुए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को भूमि का निरीक्षण और डीपीआर के आदेश दिए हैं। जाहू में विश्राम गृह बनाने की प्रक्रिया को अति शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
-सुरेश कुमार, विधायक विधानसभा क्षेत्र भोरंज
विधायक सुरेश कुमार के आदेश के अनुसार जाहू पंचायत में विश्राम गृह बनाने के लिए जमीन चयनित करके डीपीआर तैयार करके उच्च अधिकारियों और सरकार को सौंप दी है। रिपोर्ट आने के बाद विश्राम गृह का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-राजेंद्र सिंह पठानिया, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग, लदरौर