बड़ा (नादौन)। उपमंडल नादौन के भूंपल गांव में शुक्रवार दोपहर रेत से भरा एक टिपर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में रेत सड़क पर बिखर गया और साथ लगती दुकानों में भी घुस गया। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई अन्य दोपहिया या अन्य वाहन नहीं गुजर रहा था। अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। वहीं, इस दुर्घटना में टिपर चालक भी सुरक्षित है। शुक्रवार दोपहर को रेत से भरा एक टिप्पर नादौन से हमीरपुर की ओर जा रहा था। समय करीब साढ़े तीन बजे जब टिपर भूंपल गांव के पास पहुंचा तो चालक ने इस पर से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते टिपर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक का नुकसान हुआ है, जबकि चालक सुरक्षित है। थाना प्रभारी नादौन नीरज राणा ने कहा कि पुलिस में हादसे की सूचना नहीं है।