हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत आने वाले पक्का भरो में शुक्रवार को एक ट्रक बिजली के खंभे से जा टकराया। इससे खंभा टूट गया और तार लटक गए। बताया जा रहा है कि बिजली की तारों के चपेट में आकर आधा दर्जन के लगभग चौपहिया और दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। शुक्रवार शाम के समय पक्का भरो में पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ।
ट्रक नादौन से हमीरपुर की तरफ आ रहा था। पक्का भरो क्षेत्र में ट्रक बिजली के तारों को चपेट में लेते हुए खंभे से टकरा गया। हादसे में बिजली का खंभा भी ट्रक के साथ ही चिपक गया तथा इसकी चपेट में अन्य वाहन भी आ गए। खंभे की चपेट में आने से दोपहिया व चौपहिया वाहनों का काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद मौके पर लोगों का जमघट लग गया तथा सड़क मार्ग पर भी लंबा जाम लगा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसे के बाद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया तब जाकर ट्रक को रोका गया। लोगों के माध्यम से पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। पुलिस की माने तो हादसा ट्रक के बिजली के खंभे को टक्कर मारने के उपरांत पेश आया है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि पुलिस हरेक पहलू से मामले की जांच में जुट गई है।