एसडीएम कॉलोनी के पास पेड़ गिरने से दो खंभे भी टूटे
बुधवार शाम पांच बजे गुल हुई थी बत्ती, वीरवार शाम पांच बजे बाद हो पाई बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। अंधड़ से बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से बेला गांव और इसके आसपास के क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। बुधवार शाम करीब 5 बजे से बंद बिजली आपूर्ति को वीरवार शाम तक बहाल किया जा सका। नादौन के साथ सटे बेला गांव में स्थित एसडीएम कॉलोनी के पास एक बड़ा पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया। इससे काफी नुकसान हुआ। इसी क्षेत्र में पेड़ गिरने से बिजली के दो खंभे पूरी तरह से टूट गए हैं। इससे यहां के अधिकांश भाग में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। गर्मी के मौसम में बिजली बंद रहने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। गर्मी में बिना पंखे के बैठना भी मुश्किल हो गया। वीरवार दिन को भी बिना बिजली के ही लोग रहने को मजबूर रहे। इस संबंध में बोर्ड के सहायक अभियंता अक्षय कुमार ने कहा कि अंधड़ से गिरने और खंभे टूटने से यह बाधा उत्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि बिजली कर्मचारी आपूर्ति बहाल करने के लिए दिन-रात डटे रहे।