हमीरपुर। मार्च की पेंशन अब तक जारी न होने पर हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई है। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि वृद्धावस्था में सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
हमीरपुर में प्रेसवार्ता के दौरान पदाधिकारियों ने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के करीब 1500 पेंशनरों को ही पेंशन मिली है, जबकि लगभग 7000 अभी भी वंचित हैं।
उन्होंने इसे सरकार और निगम प्रबंधन की विफलता बताते हुए कहा कि केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। जुलाई 2025 में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी अब तक पेंशन नहीं मिली है और संयुक्त संघर्ष समिति को वार्ता के लिए कोई पत्र नहीं भेजा गया।
मंच ने मांग की है कि लंबित देनदारियां जल्द जारी की जाएं और हर माह की पहली तारीख को पेंशन दी जाए। मांगें न माने जाने पर परिवार सहित सचिवालय घेराव की चेतावनी दी गई।