हमीरपुर। जिले में आज बस सेवाएं शुरू हो जाएंगी। प्रदेश परिवहन विभाग ने इसके लिए कोविड-19 एडवाइजरी का पालन करने हुए विभिन्न जिलों और अंतर जिला बस रूटों पर सेवाएं उपलब्ध करवाने का खाका तैयार कर लिया है। हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो 47 लोकल, जबकि 6 अंतर जिला रूटों पर बसें चलाएगा। इसी तरह जिला में निजी बस ऑपरेटर भी लोकल और अंतर जिला रूटों पर सेवाएं देने के लिए तैयार हैं। इसके लिए निजी बस ऑपरेटरों ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हमीरपुर को अपनी सहमति प्रदान कर दी है।
निजी बस ऑपरेटर 55 लोकल रूटों समेत हमीरपुर-नालागढ़, हमीरपुर-कांगड़ा, हमीरपुर-शिमला और हमीरपुर-दियोटसिद्ध रूटों पर सेवाएं देंगे। कोविड-19 महामारी के कारण मार्च के अंतिम सप्ताह से प्रदेश में बस सेवाएं बंद हैं। इसके चलते लोगों को एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हो रही थी, जिनके पास अपना कोई वाहन नहीं है। खासकर दिहाड़ी-मजदूरी करने वाले लोग अपने घर में ही कैद थे। कई लोग दिहाड़ी लगाने के लिए एक गांव से दूसरे गांव और जिला में जाते थे। वहीं, लोगों को अस्पताल आने-जाने के लिए भी परेशानी हो रही थी। हालांकि जिन लोगों के पास अपना दोपहिया वाहन या कार इत्यादि है, उन्हें अधिक परेशानी नहीं हुई। लोगों की दिक्कतों का समझते हुए प्रदेश सरकार ने बस सेवाएं शुरू करने को मंजूरी दी है। इधर, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने बताया कि एचआरटीसी सोमवार से बस सेवाएं शुरू करेगा। उधर, आरटीओ हमीरपुर वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि एचआरटीसी 53 और निजी बस ऑपरेटर 55 रूटों पर बस सेवाएं प्रदान करेंगे। मास्क और शारीरिक दूरी और सैनिटाइजेशन समेत अन्य एडवाइजरी का सख्ती से पालन करवाया जाएगा।
इन रूटों पर चलेंगी निगम की बसें
-सुबह 7 बजे हमीरपुर से शिमला
-सुबह 7 बजे हमीरपुर से मंडी
-सुबह 7:30 बजे हमीरपुर से बद्दी
-सुबह 8:15 बजे हमीरपुर से मड़ी
-सुबह 8:30 हमीरपुर से मंडी
-सुबह 10 बजे अवाहदेवी से पालमपुर