टौणी देवी (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग की ओर से टौणी देवी-ऊहल सड़क मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। तीन मीटर चौड़ी सड़क को साढ़े पांच मीटर किया जाएगा। इससे सड़क मार्ग पर सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा।
लोक निर्माण विभाग टौणी देवी ने करीब 25 करोड़ की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) उच्च अधिकारियों को प्रेषित कर दी है। डीपीआर को स्वीकृति मिलने के बाद आगामी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। आठ किलोमीटर टौणी देवी-ऊहल सड़क मार्ग काफी जगह से तंग है। कई जगह यहां पर तीखे मोड़ भी हैं। इससे वाहन चालकों को आने जाने में भी दिक्कत पेश आती है।
कई जगह सड़क की हालत भी खराब हो चुकी है। सड़क पर गड्ढे पड़े हैं। लोगों ने काफी समय से सड़क को चौड़ा करने की मांग की थी। अब विभाग ने इस दिशा में कार्य करना शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग टौणी देवी के एसडीओ नितिश भारद्वाज ने बताया कि टौणी देवी-ऊहल सड़क को चौड़ा किया जाएगा। तीन मीटर सड़क को अब करीब साढ़े पांच मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। सड़क पर वाहन आसानी से पास ले पाएंगे। जहां-जहां आवश्यक्ता होगी, वहां-वहां पर सड़क को दुरुस्त भी किया जाएगा। करीब 25 करोड़ की डीपीआर बनाकर स्वीकृति के लिए भेजी जा चुकी है।
टौणी देवी-ऊहल सड़क मार्ग। संवाद