हमीरपुर के मुख्य बाजार में जाम की समस्या विकराल, सुबह-शाम मुख्य सड़क पर रेंग-रेंग कर गुजर रहे वाहन
दिनभर मुख्य बाजार में मनमर्जी से पार्क हो रही गाड़ियां
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर के मुख्य बाजार में यातायात के वन वे नियम लागू होने के बाद भी जाम की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। बाजार में सुबह-शाम जाम की समस्या आम हो गई है। मुख्य सड़कों पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों से दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम की वजह से बाजार में वाहनों की लग रही लंबी कतारों से पैदल चलना मुश्किल हो गया है। बाजार में सड़क के किनारे सफेद पट्टी के बाहर खड़ी कारें, स्कूटी और मोटरसाइकिल जाम की समस्या को बढ़ा रहे हैं। सड़क के किनारे दुकानदारों का रखा सामान भी इस समस्या को और बढ़ा रहा है।
पुलिस विभाग ने जाम की समस्या से निपटने के लिए हर चौक पर एक-एक पुलिस कर्मचारी भी तैनात किया है, लेकिन जाम की समस्या का कोई भी समाधान नहीं निकल पाया है। शहरवासियों बलदेव चौधरी, डिपंल राणा, सुदेश कुमार, राकेश कुमार, सोनू कुमार, प्रदीप ने कहा कि गांधी चौक हमीरपुर से बस अड्डा की तरफ जाने के लिए पुलिस की ओर से वन वे किया गया है, ताकि जाम को नियंत्रण में रखा जा सके। फिर भी बाजार में वाहन चालक अपनी मर्जी से नियमों को ताक कर चल रहे हैं। इससे बाजार में आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पहले से ही तंग है। ऐसे में सड़क किनारे खड़े वाहनों से समस्या और गंभीर होती जा रही है। उन्होंने पुलिस विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
कोट
बाजार में नो पार्किंग जोन में वाहनों को खड़ा करने वाले चालकों के चालान काटें जाएंगे। बाजार का औचक निरीक्षण किया जाएगा ताकि बाजार में जाम की समस्या को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने वाहन चालकों से पार्किंग में वाहनों को पार्क करने का आग्रह किया है।
राजकुमार, यातायात प्रभारी हमीरपुर