उपायुक्त देवश्वेता बनिक और एसडीएम मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए। रान।
- फोटो : Hamirpur-HP
सुजानपुर (हमीरपुर)। राष्ट्र स्तरीय सुजानपुर होली मेले का आगाज भले न हुआ हो, लेकिन शुक्रवार को मेले की बरसों पुरानी परंपरा निभाई गई। उपायुक्त देवश्वेता बनिक और एसडीएम सुजानपुर शिल्पी बेक्टा ने स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों के साथ मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना की। जनता की सुख समृद्धि की कामना करते हुए एक दूसरे को गुलाल लगाकर औपचारिकता निभाई और लोगों को शुभकामनाएं दीं।
मंत्रोच्चारण मंदिर के पुरोहित रविनंदन ने किया। प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय होली मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन प्रदेश सरकार के ताजा आदेशों के बाद सभी मेलों व सार्वजनिक व निजी कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर इस बार मेले पर प्रतिबंध के चलते राष्ट्र स्तरीय होली मेला नहीं मनाया जा रहा है।
महाराजा संसार चंद के समय से मुरली मनोहर मंदिर में ही पूजा अर्चना के बाद होली खेलने की परंपरा रही है। इस मौके पर विकास खंड अधिकारी स्वाति डोगरा, तहसीलदार सुरेश शर्मा, थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री, नगर परिषद अध्यक्ष बीना धीमान, भाजपा मंडल अध्यक्ष विरेंद्र ठाकुर, मंडल के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र, नगर परिषद के पार्षद मनीष गुप्ता, सविता महाजन, प्रकाश सडियाल, रमन धीमान और आशुतोष शर्मा आदि मौजूद रहे।