जररी गांव खेत में पलटे ट्रैक्टर की नीचे दबा चालक। स्रोत जागरूक पाठक
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर की जजरी पंचायत में खेत में ट्रैक्टर पलटने से 58 वर्षीय चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मदन चंद पुत्र आतमा राम निवासी जजरी के रूप में हुई है।
वह वीरवार देर शाम खेतों में गेहूं की बिजाई करने गया था। इस दौरान ट्रैक्टर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया। रातभर किसी को हादसे का पता नहीं चल पाया।
परिजनों के अनुसार, मदन चंद खेत में अकेला काम कर रहा था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उसकी पत्नी ने उसे फोन किए, लेकिन फोन वाइब्रेशन मोड पर होने के कारण कोई आवाज सुनाई नहीं दी। परिजन रातभर उसके घर लौटने का इंतजार करते रहे और उसकी तलाश में भी जुटे रहे।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने खेत में ट्रैक्टर पलटा हुआ देखा, जिसके बाद हादसे का पता चला। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
पंचायत प्रधान अमित ढटवालिया ने बताया कि मदन चंद अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की।
कोट
मृतक का शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान कर दी गई है।
-हरीश गुलेरिया, डीएसपी बड़सर