सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर के तहत ग्राम पंचायत बजरोल में एक ट्रैक्टर गहरी खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप रांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर भेज दिया है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है। सुजानपुर उपमंडल के तहत पंचायत बजरोल के गांव पलभू की ओर से मुख्य सड़क पर चालक प्रदीप रांगड़ा खाली ट्रैक्टर लेकर जंगल की ओर जा रहा था।
यहां मोड़ पर चालक ट्रैक्टर से संतुलन खो बैठा और यह खाई में लुढ़क गया। घटना का पता चलते ही लोग घायल अवस्था में चालक युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से सुजानपुर सिविल अस्पताल ले आए। यहां पर युवक ने दम तोड़ दिया। चालक अपने पीछे एक छोटा बेटा व बेटी और पत्नी छोड़ गया है। मृतक के पिता एक निजी बस के मालिक हैं। एसएचओ सुभाष शास्त्री ने कहा कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है। मामले की छानबीन जारी है।