जिला मुख्यालय में ट्राला यूनियन के समीप शोपीस बना फाइबर शौचालय
शौचालय संचालित न होने से कर्मचारियों को हो रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय के साथ लगती ट्राला यूनियन के पास स्थापित फाइबर शौचालय पानी और सीवरेज का कनेक्शन न मिलने के कारण शोपीस बना हुआ है। निर्माण के डेढ़ वर्ष बाद भी शौचालय शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में शौचालय के होने के बावजूद ट्राला यूनियन के कर्मचारी और राहगीर खुले में शौच जाने के लिए मजबूर हैं।
नगर निगम के गठन से पूर्व नगर परिषद ने 17 लाख रुपये की लागत से छह सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल शौचालयों का स्थापित करवाया था ताकि लोगों को शौचालय के लिए दिक्कत का सामना न करना पड़े, लेकिन पांच स्थानों के अलावा ट्राला यूनियन के समीप स्थित शौचालय का प्रयोग नहीं हो पा रहा है। इससे समस्या बनी हुई है।
कर्मचारियों राकेश कुमार, प्रदीप, बलदेव, प्रीतम, निक्का राम, जगदेव आदि ने कहा कि कर्मचारियों की मांग पर नगर निगम की ओर से फाइबर का शौचालय स्थापित करवाया था ताकि उन्हें दिक्कतों का सामना न करना पड़े लेकिन डेढ़ वर्ष से शौचालय पर ताले लटके हुए हैं। इस कारण दिन के समय में कर्मचारियों को खुले में शौच जाना पड़ता है। वहीं, यूनियन कार्यालय से शौचालयों की दूरी भी 700 मीटर से अधिक है। उन्होंने कहा कि फाइबर शौचालय को शुरू करने में सीवरेज और पानी का कनेक्शन बाधा बने हुए हैं। इसका खमियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम से समस्या का समाधान करने का अनुरोध किया है।
कोट्स
ट्राला यूनियन के साथ स्थापित शौचालय को सीवरेज कनेक्शन न मिलने के कारण बंद किया गया है। सीवरेज कनेक्शन देने के लिए शीघ्र ही कार्य शुरू होगा। इसके बाद शौचालय को शुरू कर दिया जाएगा।
अश्वनी कुमार, एसडीओ, नगर निगम हमीरपुर
कर्मचारियों की मांग पर फाइबर शौचालयों को स्थापित किया गया था, लेकिन ड़ेढ वर्ष के बाद भी शौचालयों पर ताले लटके हुए हैं। नगर निगम को शीघ्र शौचालयों को शुरू करवाना चाहिए ताकि कर्मचारियों और राहगीरों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
-काका, पूर्व प्रधान, ट्राला यूनियन हमीरपुर
ट्राला यूनियन के समीप स्थापित फाइबर मोबाइल शौचालय पर लटके ताले। संवाद