हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में शुक्रवार को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ साई विश्वविद्यालय पालमपुर के उप कुलपति प्रो. डॉ. एनएन शर्मा ने किया। रसायन विज्ञान विभाग के तत्वावधान में इंडियन साइंस कांग्रेस शिमला चैप्टर के सहयोग से यह संगोष्ठी करवाई गई। इसका विषय ग्रीन भविष्य के लिए प्रवृत्तियां और नवाचार है। संगोष्ठी के अध्यक्ष डॉ. शशि शर्मा ने मुख्य अतिथि तथा अन्य अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। संयोजक डॉ. रत्नचंद शर्मा और संयुक्त सचिव डॉ. दीपिका खन्ना ने दो दिवसीय संगोष्ठी का ब्योरा प्रस्तुत किया।
डॉ. एनएन शर्मा ने कहा कि वर्तमान संदर्भ में शिक्षक को केवल बुद्धिमता घटक पर जोर नहीं देना चाहिए अपितु भावनात्मक घटक पर भी ध्यान देना चाहिए। आदर्श शिक्षक बनने के लिए पहले अच्छा इंसान बनना अनिवार्य है। संगोष्ठी में देश और विदेश के 180 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। एडिंनबर्ग यूके से प्रो. विजय ठाकुर ने ऑनलाइन माध्यम से सतत भविष्य के लिए प्रकृति प्रेरित नैनो मैटेरियल विषय पर अपने शोध पत्र को प्रस्तुत किया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के प्रो. संदीप चौहान ने जल एवं ऊर्जा संकट के स्थायी और हरित समाधान के लिए पॉलीमर विज्ञान विषय पर अपना पत्र पढ़ा। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य प्रमोद सिंह पटियाल, डॉ. सतीश सोनी, डॉ. जीसी राणा, डॉ. विजय ठाकुर,डॉ. कृष्ण लाल, प्रो. अल्पना शर्मा सहित दर्जनों शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।