दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। चैत्र मास मेले में लोगों को दियोटसिद्ध मंदिर तक पहुंचने के लिए पैदल सफर करने से राहत मिलेगी। लोगों की सुविधा के लिए मंदिर न्यास शाहतलाई से दियोटसिद्ध के बैरियर नंबर एक तक बस सुविधा शुरू करेगा।
एक माह तक चलने वाले चैत्र मास मेले 14 मार्च से शुरू होने जा रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए एचआरटीसी तीन बसें शुरू करेगा। हालांकि इससे पहले हर वर्ष यहां पर दो बसें चलाई जाती रही हैं, लेकिन इस बार संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
इन बसों की विशेषता यह रहेगी कि यह सुविधा यात्रियों के अनुसार उपलब्ध होगी। बस में जैसे ही यात्री पूरे हो जाएंगे, वैसे ही यह अपने गंतव्य स्थान के लिए रवाना हो जाएगी तथा वापसी पर श्रद्धालुओं की संख्या पूरी हो जाने पर प्रस्थान करेगी। यह बसें सुबह से लेकर शाम तक चलेंगी, जिससे यात्रियों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस बाबत एचआरटीसी प्रबंधन और मंदिर न्यास के अधिकारियों के बीच बैठक हो गई है। बैठक में बसों को शुरू करने को लेकर सहमति बन चुकी है। अधिकारियों की मानें तो ये बसें दियोटसिद्ध से शाहतलाई और शाहतलाई से दियोटसिद्ध तक चलाई जाएंगी। इसके अलावा दिव्यांगों के लिए मंदिर तक पहुंचने के लिए भी फ्री टैक्सी सुविधा प्रदान की जाएगी।
कोट :
चैत्र मास मेले में तीन बसें शुरू की जाएंगी। यह बसें सुबह से लेकर शाम तक चलाई जाएंगी। बसें शाहतलाई से दियोटसिद्ध तक और दियोटसिद्ध से शाहतलाई तक चलाई जाएंगी।
-राहुल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी, हमीरपुर