हमीरपुर। राजीव गांधी स्टार्टअप स्वरोजगार योजना के तहत हमीरपुर के युवा भी 50 प्रतिशत सब्सिडी पर इलेक्ट्रिक वाहन खरीदकर ई-टैक्सी के रूप में चलाने के लिए आगे आ रहे हैं। योजना के क्रियान्वयन के लिए गठित जिला स्तरीय समिति ने मंगलवार को ई-टैक्सी वाहन के तीन नए प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की।
समिति की बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अमरजीत सिंह ने की। उपायुक्त ने बताया कि यह योजना बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया करवाएगी। इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इन वाहनों से विभिन्न सरकारी विभागों को भी काफी सुविधा होगी।
योजना के तहत ई-वाहन की खरीद पर युवाओं को 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जा रही हैं। इन्हीं वाहनों को विभिन्न विभागों में ई-टैक्सी के रूप में लगाया जा रहा है। इन्हें अच्छी दरों पर फिक्स मासिक किराया दिया जा रहा है। बैठक में समिति ने तीन नए प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की है।
जिला में अभी तक इसी योजना के तहत दस वाहनों को विभिन्न विभागों में ई-टैक्सी के रूप में लगाया जा चुका है। नौ अन्य स्वीकृत मामलों में पात्र युवाओं के साथ एग्रीमेंट की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने योजना के तहत प्राप्त विभिन्न प्रस्तावों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया।