जाहू (हमीरपुर)। पारा चढ़ते ही दो दिनों से पेयजल उठाऊ योजनाओं के जल स्रोतों में पानी की कमी होने लगी है। लदरौर क्षेत्र में तीन पेयजल योजनाओं में 25 फीसदी पानी की कमी हो गई है। इससे ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट की समस्या शुरू हो गई है। जल शक्ति विभाग मंडल भोरंज के उपमंडल लदरौर के अधीन आने वाली दरूण नगोरियान योजना में पानी की कमी होने से लदरौर कलां, चड़वान, बदवीं, लदरौर कलां हरिजन बस्ती, लदरौर बाजार व मलयान गांव को पानी की सप्लाई दी जाती है लेकिन योजना के जल स्रोत में पानी की कमी आने से पानी की सप्लाई प्रभावित होने लगी है।
इसी तरह उठाऊ पेयजल योजना जख्योल प्रथम चरण के अधीन आने वाले गांवों भौंखर, दशमल, टिहरा, तोऊ, बाडी चौक, तमरोह, मैरा, टांडा कडोहता, कथोग, लठवान, भदरौड़ी, मंडेत्तर, रिहड़ा धसमाहीं, थलोटू, जख्योल व रमेहड़ा आदि गांवों में भी पानी की कमी हो गई है। ऐसी ही स्थिति उठाऊ पेयजल योजना जख्योल द्वितीय चरण की बनी हुई है। दो दिनों में बारिश न हुई तो विभाग पानी की राशनिंग शुरू करेगा। विभागीय कर्मचारियों को कहना है कि बारिश न होने के कारण दो घंटे चलने वाली मोटरें एक घंटा ही चल रही हैं। इससे पानी की सप्लाई कम हो रही है।
25 प्रतिशत पानी की हुई कमी : राजेंद्र सिंह
जल शक्ति विभाग उपमंडल लदरौर के सहायक अभियंता राजेंद्र सिंह पठानिया ने कहा कि तीन पेयजल योजनाओं में 25 प्रतिशत पानी की कमी हुई है। दो दिनों में बारिश न हुई तो विभाग पानी की राशनिंग शुरू करेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि गर्मी के मौसम में पानी की सदुपयोग करें तथा पानी के महत्व को समझें।