जिला मुख्यालय की सड़कों पर अतिक्रमण कर बैठे कारोबारियों को जिला प्रशासन ने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। तीन दिन के भीतर सामान न हटाने पर कारोबारियों का सामान जब्त कर लिया जाएगा। एसडीएम कृत्तिका कुल्हारी ने सभी कारोबारियों को निर्देश जारी किए हैं।
एसडीएम ने कहा कि शहर में रेहड़ी-फड़ी लगाने के लिए पंजीकृत लोगों के लिए येलो लाइन चिन्हित की गई है। साथ ही मुख्य बाजार की सड़क के दोनों तरफ की नालियों पर भी किसी तरह का अतिक्रमण करने पर भी पहले की तरह की कार्रवाई की जाएगी।
कुल्हारी ने कहा कि शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने में सभी लोगों को अपनी सहभागिता निभानी चाहिए। अतिक्रमण हटाने में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को भी प्रशासन का सहयोग करना चाहिए ताकि लोगों को मुख्य बाजार में आवाजाही में दिक्कत का सामना न करना पड़े।
दो वर्ष पहले भी शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन ने कारगर कदम उठाए थे। इस मुहिम को बरकरार रखने के लिए उपमंडल प्रशासन समय-समय पर बाजार का औचक निरीक्षण कर रहा है।
एसडीएम कृत्तिका कुल्हारी का कहना है कि अतिक्रमण हटाने बारे सभी कारोबारियों को निर्देश दिए हैं।