संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज(हमीरपुर)। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर उपमंडल भोरंज ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
भोरंज खंड के अंतर्गत आने वाले सिविल अस्पताल भोरंज से संबद्ध तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर जोल, अमनेड़ और चंदरुही को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) के तहत राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्ता प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। इससे पहले ये सभी संस्थान राज्य स्तर पर भी प्रमाणित हो चुके हैं।
इन केंद्रों को अब भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार सात प्रमुख सेवा पैकेज प्रदान करने की पात्रता प्राप्त हो गई है। इनमें गर्भवती महिलाओं की देखभाल से लेकर नवजात शिशु, किशोरावस्था स्वास्थ्य, संचारी और गैर-संचारी रोगों का प्रबंधन, दवाइयां और जांच सेवाएं तथा परिवार नियोजन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं।
प्रत्येक केंद्र को इस उपलब्धि के लिए प्रत्येक वर्ष 1,26,000 की विशेष अनुदान राशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे इन केंद्रों पर अधिक प्रभावी तरीके से कार्य किया जा सकेगा। सीएचओ रमा, रीनू, गुरजीत कौर, संजीव कतना, अमरदीप, खंड कार्यक्रम अधिकारी निशांत शर्मा और ब्लॉक अकाउंटेंट बलबीर सिंह ने इस उपलब्धि के लिए विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।