बड़सर (हमीरपुर)। थाना बड़सर के तहत ग्राम पंचायत झंझियाणी के मसलाना खुर्द गांव में बकरी चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेंद्र निवासी मसलाना खुर्द, शशि निवासी करनेहड़ा और दीपक निवासी तलाई के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश करेगी। मामले की शिकायत मसलाना खुर्द निवासी रूप लाल ने पुलिस को दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ चाचा के निधन के कारण उनके घर गए हुए थे। सुबह वापस लौटने पर जब वे गोशाला में पशुओं की देखभाल के लिए पहुंचे तो वहां से बकरी गायब मिली।
इसके बाद रूप लाल ने आसपास के क्षेत्र में बकरी की तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने देर रात गांव के पास एक संदिग्ध वाहन खड़ा होने की जानकारी दी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान की।
पुलिस के अनुसार आरोपी स्थानीय निवासी थे, जिन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने बकरी चोरी की वारदात कबूल कर ली। जांच में सामने आया कि चोरी के बाद बकरी को पहले चारपहिया वाहन में ले जाया गया और कुछ दूरी के बाद बाइक के माध्यम से आगे पहुंचाया गया।
पुलिस ने आरोपी दीपक के चारपहिया वाहन और शशि की बाइक को जब्त कर लिया है।
कोट
बकरी चोरी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
-बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर