हमीरपुर। जिले में इस बार राखी मेले का आयोजन जिला मुख्यालय स्तर पर एक साथ नहीं होगा। महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों की सुविधा को देखते हुए मेले को खंड स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
जिले के सभी छह विकास खंडों में संबंधित खंड विकास अधिकारी अपने स्तर पर राखी मेले का आयोजन करवाएंगे। मेले 24 से 27 अगस्त तक आयोजित किए जाएंगे।
जिला ग्रामीण विकास एजेंसी की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को मेले के आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पिछले वर्षों में राखी मेले का आयोजन जिला मुख्यालय स्तर पर किया जाता था।
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने उत्पाद लेकर हमीरपुर पहुंचती थीं। दूरदराज के क्षेत्रों से जिला मुख्यालय तक पहुंचने में उन्हें समय और अतिरिक्त परिवहन खर्च करना पड़ता था।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इस बार विकास खंड स्तर पर मेले लगाने का फैसला लिया गया है। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पाद लेकर जिला मुख्यालय तक नहीं आना पड़ेगा और उन्हें समय व परिवहन खर्च में राहत मिलेगी।
राखी मेले में स्वयं सहायता समूहों को उत्पादों की बिक्री के लिए स्टाल उपलब्ध करवाए जाएंगे। महिलाएं इन स्टालों पर राखी और अन्य स्थानीय उत्पाद बिक्री के लिए रख सकेंगी। इससे स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए सीधा बाजार भी उपलब्ध होगा।
कोट
खंड स्तर पर मेले के आयोजन से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिलेगा और उन्हें जिला मुख्यालय तक आने की परेशानी नहीं होगी।
-अस्मिता ठाकुर, उपनिदेशक सह परियोजना अधिकारी, जिला ग्रामीण विकास एजेंसी