नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत कोटला चिलियां पंचायत में दिनदहाड़े चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर रख गल्ले से नकदी चुरा ली। ग्रामीण संदीप शर्मा, आशीष, जितेंद्र पाल, जीवन आदि ने कहा कि घटना शनिवार दोपहर की है। उन्होंने कहा कि गांव में स्थित राधा कृष्ण मंदिर में रोज सुबह-शाम लोग पूजा करने आते हैं।
शनिवार सुबह जब लोग पूजा करने के बाद शाम के समय दोबारा पूजा करने आए तो मंदिर के मुख्य गेट का ताला टूटा था और अंदर टूटा हुआ गल्ला पड़ा था। इसमें से पैसे गायब थे। उन्होंने बताया कि गल्ले को जन्माष्टमी के दिन ही खोला जाता है और साल भर लोग यहां गल्ले में इच्छा अनुसार पैसे डालते हैं। इस तरह की घटना पहले भी यहां कई बार हो चुकी है। लोगों ने बताया कि उन्होंने अभी तक इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि उनके पास ऐसी कोई सूचना नहीं दी गई है। फिर भी पुलिस अपने स्तर पर मामले की छानबीन कर रही है। (समाचार : सोनम शर्मा)