सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के बैरी गांव में सोमवार रात को चोरों ने किराना की दुकान से आठ हजार रुपये का सामान उड़ा लिया। इससे पूर्व इन्हीं चोरों ने 26 मई को एक दुकान में सेंध लगाकर वहां से कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उड़ाए। साथ ही रात को दुकान के अंदर चिकन पकाकर भी खाया। सोमवार को हुई चोरी के बाद जब लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से एक चोर को पकड़ लिया। इससे पूछताछ कर इसके साथियों के बारे में भी पुलिस पता कर रही है।
सोमवार रात को बैरी में स्थित एक किराना की दुकान में इन चोरों ने सेंध लगाकर यहां से खाने पीने का सामान, बीड़ी-सिगरेट आदि चुरा लिए। दुकान मालिक ने मंगलवार को इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। वहीं, 26 मई को हुई चोरी का पता जब उक्त दुकानदार को चला था तो उसने भी इसकी शिकायत पुलिस में दी थी। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि उक्त दुकान पर भी इन्हीं चोरों ने चोरी की थी। थाना प्रभारी सतपाल का कहना है कि पुलिस ने सुमित कुमार निवासी गांव जाखू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शेष चोरों को भी जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।