ओडीएफ घोषित 582 गांवों में होगी वेरिफिकेशन
गांवों में स्वच्छता के मानदंडों की व्यवस्था की होगी जांच
जिले में 1601 गांवों में से 582 को किया गया है ओडीएफ घोषित
स्वच्छता भारत मिशन के तहत होगी जांच, धरातल में देखी जाएंगी सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शीघ्र ही जिले के उन गांवों में वेरिफिकेशन की जाएगी जिन्हें ओडीएफ प्लस (खुले में शौच मुक्त) घोषित किया गया है। जिला हमीरपुर के 582 गांवों को ओडीएफ प्लस गांव घोषित किया गया है। यानी जिले के 582 गांव ऐसे हैं जिनमें हर घर में शौचालय है और कूड़ा खुले में नहीं फेंका जाता है। ऐसे में स्वच्छ भारत मिशन के तहत इन गांवों का निरीक्षण किया जाएगा कि क्या सही में इन गांवों में हर घर में शौचालय हैं और कूड़ा खुले में नहीं फेंका जाता। इन गांवों में यदि स्वच्छता के सभी मानदंड पाए जाते हैं तो इन गांवों को मॉडल गांव घोषित किया जाएगा जो टीमें इस निरीक्षण में होंगी, उसमें उस खंड के बीडीओ, बीईओ, बीएओ आदि को शामिल किया जाएगा। वर्तमान समय में जिले के 1601 गांवों में से 582 गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित किया गया है। इस बारे में पीओ डीआरडीए अस्मिता ठाकुर ने कहा कि शीघ्र ही ओडीएफ प्लस (खुले में शौच मुक्त) घोषित किए गांवों में वेरिफिकेशन की जाएगी और वहां पर स्वच्छता मानदंडों का निरीक्षण किया जाएगा।